कोंडागांव, 10 मार्च (हि.स.)। जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती का लंबे समय तक यौन शोषण करने वाले आरोपित को पुलिस ने आज मंगलवार काे गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता ने 9 मार्च को फरसगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वर्ष 2019 से उसका पांडे आठगांव निवासी राजकुमार मरकाम (22 वर्ष ) से प्रेम संबंध था। आरोपित ने उसे शादी का भरोसा दिलाकर पिछले 4-5 वर्षों से शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2021 में आरोपित उसे अपने घर ले गया और शादी करने का आश्वासन देते हुए लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी की बात कही, तो आरोपित टालमटोल करने लगा। अंततः उसने शादी से साफ इनकार कर दिया और पीड़िता को घर से निकाल दिया।
पीड़िता की शिकायत पर फरसगांव थाने में राजकुमार मरकाम के खिलाफ अपराध क्रमांक 21/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने एक टीम गठित की और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित राजकुमार मरकाम को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद, आरोपित को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास, उप निरीक्षक शशिभूषण पटेल, सहायक उप निरीक्षक सुमित्रा सेठिया, महिला प्रधान आरक्षक बीना मांडवी, आरक्षक घनश्याम यादव, कृष्ण कुमार सोनवानी और महिला आरक्षक लक्ष्मी मरकाम का योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
