बिजनौर,8 फरवरी (हि.स.)। चांदपुर क्षेत्र के शिवाला कला थाना अंतर्गत फिना गांव में एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसे और कमरे से लाखों के आभूषणों ले गए। परिवार दूसरे कमरे में सो रहा था। 22 फरवरी को बेटे की शादी थी। शादी से पहले चपरासी के घर से लाखों रुपये के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी हो गए। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पीड़ित अरविंद कुमार गांव की खाद सोसाइटी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (चपरासी) है। उसने अपने बेटे सौरभ चौहान की शादी के लिए कड़ी मेहनत से यह सामान जुटाया था। सौरभ फरीदाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और अपनी शादी के लिए घर आया हुआ है।

अरविंद कुमार के अनुसार, घर में पुताई का काम चल रहा था। चोरों ने कथित तौर पर दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया। वे कमरे में रखे संदूक और अटैची को छत पर ले गए, जहां उन्होंने इत्मीनान से ताले तोड़े। चोरों ने सोने की चेन, कुंडल, नाक का फूल, लगभग आधा किलो चांदी और कई कीमती साड़ियां चुरा लीं।
रविवार तड़के जब परिजनों ने छत पर टूटा हुआ सामान देखा, तो घर में हड़कंप मच गया। शादी के ठीक पहले हुई इस दुस्साहसिक वारदात से ग्रामीण असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
पीड़ित परिवार ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि बारात जाने से पहले चोरी हुए माल की बरामदगी की जाए, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही खुलासा करने की बात कह रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
