पटना, 30 जनवरी (हि.स.)। बिहार की पहचान अब केवल सिविल सेवा में चयनित होने वाले युवाओं तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि राज्य के युवा उद्यमी अपने नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से देश-विदेश में बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं। इसी कड़ी में स्टार्टअप इंवेस्टिंग शो ‘शार्क टैंक’ में अपने अनोखे और इनोवेटिव प्रोडक्ट के जरिए पहचान बना चुके आरसीएक्स लाइटिंग प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर रविचंद शर्मा ने बिहार का परचम लहराया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्टार्टअप प्रोत्साहन नीतियों और योजनाओं का लाभ लेकर बिहार से निकले कई स्टार्टअप आज सफलता की नई कहानी लिख रहे हैं। इन्हीं में से एक आरसीएक्स लाइटिंग भी है, जिसने अपने आधुनिक लाइटिंग और डिजिटल डिस्प्ले सॉल्यूशन के दम पर न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
शार्क टैंक के मंच पर निवेशकों के समक्ष अपनी स्टार्टअप यात्रा साझा करते हुए रविचंद शर्मा ने बताया कि उनके पिता एक इलेक्ट्रशियन थे। बचपन से ही उन्हें जगमगाती लाइटों को देखकर गहरी जिज्ञासा होती थी, जिसने धीरे-धीरे उनके भीतर कुछ नया करने की प्रेरणा जगाई। स्कूल के दिनों में ही रवि ने बेहतरीन लाइटिंग प्रोजेक्ट तैयार किए, जिसके लिए उन्हें चंडीगढ़ और कोलकाता में नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया।
रविचंद शर्मा ने बताया कि पिता की सलाह पर उन्होंने नीतीश सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ उठाते हुए चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल ब्रांच में बीटेक की पढ़ाई शुरू की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने अपने लाइटिंग इनोवेशन पर काम जारी रखा और बाद में आरसीएक्स नाम से स्टार्टअप की नींव रखी। स्टार्टअप के प्रति बढ़ते जुनून के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी।
साल 2022 में बिहार सरकार की उद्यमी योजना से ऋण मिलने के बाद आरसीएक्स लाइटिंग ने तेजी से विकास किया। कंपनी ने मुंबई से लेकर दुबई तक नई इमारतों और टावरों को अत्याधुनिक लाइटिंग डेकोरेशन और डिजिटल डिस्प्ले से रोशन किया। इसके बाद आरसीएक्स ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार नए मुकाम हासिल करता गया।
सोनी टीवी के लोकप्रिय शो शार्क टैंक में सभी शार्क्स और मेंटर्स ने कंपनी के इनोवेटिव डिजिटल डिस्प्ले वर्क्स और बिजनेस मॉडल की जमकर सराहना की। उन्होंने स्टार्टअप के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। खासतौर पर बोट (boAt) के फाउंडर अमन गुप्ता ने आरसीएक्स लाइटिंग के फाउंडर्स रविचंद शर्मा, रवि कुमार और प्रिंस कुमार को 50 लाख रुपये का आकर्षक निवेश ऑफर दिया।—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी
