


खड़गपुर, 14 अप्रैल (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने मंगलवार को शालीमार रेलवे स्टेशन तथा सांतरागाछी रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ अतिरिक्त महाप्रबंधक, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक तथा दक्षिण पूर्व रेलवे खड़गपुर डिविजन के मंडल रेल प्रबंधक सहित मुख्यालय और मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
महाप्रबंधक ने शालीमार स्टेशन पर स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, यार्ड और प्लेटफॉर्म का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा किनारे विकसित हो रहे जेट्टी प्रोजेक्ट, वंदे भारत ट्रेनों के लिए प्रस्तावित पिट लाइन तथा उससे जुड़े डिपो निर्माण कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद महाप्रबंधक ने सांतरागाछी स्टेशन पहुंचकर नव विकसित स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, यार्ड और सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था का आकलन करते हुए स्वच्छता, सुरक्षा और दक्षता के उच्च मानक बनाए रखने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और रेल परिचालन और अधिक सुचारु बनाया जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
