उरई, 04 अप्रैल (हि.स.)। ग्राम पंचायत रूदावली, विकास खंड नदीगांव में विकास कार्यों में पाई गई अनियमितताओं पर शनिवार को जिलाधिकारी ने शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त एक्शन लिया है। शिकायत, जांच, मामले की शुरुआत उस समय हुई जब भगवान सिंह ने तत्कालीन जिलाधिकारी को शिकायत देकर ग्राम पंचायत रूदावली में कराए गए विकास कार्यों में गंभीर गड़बड़ियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 03 जनवरी 2023 को दो सदस्यीय जांच समिति गठित की गई, जिसमें भूमि संरक्षण अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता जल निगम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी क्रम में पंचायत सहायक मोहिनी द्वारा भी संबंधित प्रकरण में जिला पंचायत राज अधिकारी को शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिसे जांच में शामिल किया जाना था। हालांकि, जांच उप कृषि निदेशक को दे दिए जाने से प्रक्रिया का समुचित पालन नहीं हो सका और जांच की दिशा प्रभावित होती चली गई।
परिणामस्वरूप, प्रकरण लम्बित हुआ और मामला उच्च न्यायालय तथा लोकायुक्त तक पहुंच गया। जहां से समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ग्राम पंचायत में कराई गई इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य में 08 मीटर कम निर्माण कराया गया। जिससे विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए। साथ ही वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होने पर 1,25,341 रुपये की धनराशि की रिकवरी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। पूरे मामले में ग्राम पंचायत सचिव रोहित कुमार की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने जांच समिति को अपेक्षित सहयोग नहीं दिया, आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए और न ही समुचित जानकारी दी। इससे जांच प्रभावित हुई और प्रकरण के निस्तारण में अनावश्यक विलम्ब हुआ।
इस गंभीर लापरवाही को जिला विकास अधिकारी ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए रोहित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलम्बित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ग्राम प्रधान रूदावली जाकिर हुसैन के विरुद्ध पंचायत राज अधिनियम की धारा 95-जी के अंतर्गत नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जनपद में भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता, कर्तव्यों में शिथिलता और जांच में बाधा डालने जैसी किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ किए जाएं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
