जौनपुर, 11 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के बदलापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम छंगापुर निवासी राजेन्द्र प्रसाद की सांड से टक्कर लगने के कारण हुई दर्दनाक मृत्यु के बाद शासन की ओर से उनके परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।

यह अनुग्रह राशि राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत मृतक की पत्नी श्रीमती मीरा नायक के खाते में भेजी गई है। 12 अगस्त 2024 को स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर आए एक छुट्टा सांड से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।——————-
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
