
धर्मशाला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पंडित संत राम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में मंगलवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

मुख्य अतिथि विधायक किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, नवीन पाठ्यक्रम आरंभ करने तथा उच्च शिक्षा की पहुंच को सुदूर क्षेत्रों तक विस्तारित करने के लिए अनेक प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार की नीतियों और योजनाओं के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश शिक्षा के राष्ट्रीय सूचकांक में 21वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंच गया है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि महाविद्यालय बैजनाथ में एम.ए. के छह विषयों में अध्ययन की शुरुआत क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन विषयों के शुरू होने से बैजनाथ तथा आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु महानगरों या दूरस्थ संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में लगभग 14 लाख रुपये की लागत से बॉक्सिंग रिंग बनकर शीघ्र ही तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय की ओर आने वाली सड़क का सुधारीकरण भी आगामी समय में किया जाएगा जिससे विद्यार्थियों एवं स्टाफ को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
