शिक्षकों को अपडेट रहने और नई पद्धतियां अपनाने के निर्देश

धमतरी, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी विकासखंडों के बीईओ और प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शिक्षा केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से लगातार स्वयं को अपडेट रखने और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया। आनलाइन प्रशिक्षण प्लेटफार्म पर प्रशिक्षण को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों का नियमित प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। बैठक में स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही समर कैंप, यूथ फेस्ट में विद्यार्थियों की भागीदारी और ‘ज्ञान भारतम’ के अंतर्गत पांडुलिपियों व ऐतिहासिक धरोहरों के सर्वेक्षण कार्य पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने बताया कि जिन स्कूलों में विषय शिक्षक नहीं हैं, वहां विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए गए शैक्षणिक वीडियो यूट्यूब के माध्यम से उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका उपयोग कर विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाया जा सकता है।जिले में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने की भी बात कही गई, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और नवाचार को बढ़ावा मिल सके। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
