खूंटी, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के डोड़मा गांव में मातुश्री काशीबा हरिभाई गोटी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से निर्मित 249 वें नूतन शिक्षा भवन सरस्वती धाम का लोकार्पण बुधवार को धूमधाम से किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक कोचे मुंडा और वनवासी कल्याण केंद्र के संगठन मंत्री प्रफुल्ल अकांत मुख्य रूप से उपस्थित थे।
समारोह में उपस्थित प्रफुल्ल अकांत ने ट्रस्ट के किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दूरदराज और वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा के लिए इस तरह के प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के माध्यम से बनाए जा रहे विद्यालय भवनों से वनवासी समाज और जनजातियों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। अकांत ने कहा कि शिक्षा से ही जनजातीय समाज की किस्मत बदल सकती है।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं सूरत (गुजरात) के उद्योगपति केशुभाई गोटी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों से देश के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर विद्यालयों और छात्रावासों के स्थान पर नए भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक ट्रस्ट के सहयोग से 351 भवनों के निर्माण का कार्य आरंभ हो चुका है, जिनमें यह डोड़मा स्थित भवन 249 वां सरस्वती धाम है ।
कार्यक्रम में श्रीहरि वनवासी कल्याण केंद्र की अध्यक्षा डॉ तनुजा मुंडा ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे मूल्य आधारित शिक्षा की ओर प्रेरित होंगे। इससे पढ़ाई का स्तर भी और अधिक ऊंचा होगा। पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि हरि वनवासी कल्याण केंद्र जनजातीय बहुल इलाके में लगातार शिक्षा का अलख जगा रहा है और सेवा कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही समाज का विकास हो सकता है।
समारोह में ट्रस्ट के प्रतिनिधि दिनेशभाई पटेल, शिक्षाविद् हरिकृष्ण शास्त्री, ट्रस्ट के झारखंड संयोजक धनजीभाई वानानी, चंद्रकांत रायपत, प्राचार्य बजरंग साहू, बीकेबी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य डॉ लक्ष्मीकांत नारायण बड़ाइक, भूमि दाता अनिरुद्ध मांझी, अमित मांझी सहित कई लोग मौजूद थे। इस दौरान ट्रस्ट की ओर से संचालित शिक्षा साथी अभियान, कुपोषण मुक्ति अभियान और मानस परिवर्तन विचार क्रांति अभियान जैसे चार प्रमुख प्रकल्पों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके पूर्व अतिथियों ने माता सरस्वती और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और पूजा अर्चना कर भवन का लोकार्पण किया। विद्यालय के बच्चों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
