शिमला, 10 मार्च (हि.स.)। राजधानी शिमला में घर से दो गैस सिलेंडर चोरी होने के मामले को सदर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है।

यह मामला 9 मार्च को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(अ) और 331(3) के अंतर्गत थाना सदर, शिमला में दर्ज किया गया। शिकायत कृष्णा नगर निवासी पवन कुमार ने दर्ज करवाई थी।
पवन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 5 मार्च को अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। 9 मार्च को जब वह घर लौटे तो देखा कि उनके रसोईघर का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला पड़ा था। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो रसोई से दो गैस सिलेंडर गायब थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मामला दर्ज होने के बाद सदर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णा नगर का ही रहने वाला अनिकेत नाम का युवक 7 मार्च को इलाके से गैस सिलेंडर उठाकर लालपानी की तरफ जाता हुआ देखा गया था।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डाउनडेल, रेलवे पार्किंग और पुराने बस स्टैंड के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान डाउनडेल क्षेत्र में पुलिस ने अनिकेत को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और मामले में उसकी संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
