शिमला, 30 जनवरी (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने शहर में 2.010 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक युवक को पकड़ा है। यह कार्रवाई पुलिस थाना सदर शिमला की टीम ने गश्त और निगरानी के दौरान की।

गुरुवार की शाम सदर थाना की टीम शहर में गश्त पर थी। इसी दौरान पीएनटी कॉलोनी रोड पर एचडीएफसी बैंक के पास एक युवक को ब्लेसिंगटन गर्ल्स हॉस्टल की ओर से आते हुए देखा गया। युवक के हाथ में एक कागज का बैग था। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया।
आरोपी युवक की पहचान मनीष कुमार (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का रहने वाला है और वर्तमान में शिमला के कृष्णा नगर में रह रहा है। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक काले रंग की पॉलीथिन में 2.010 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सदर शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। बरामदगी की मात्रा कम होने के कारण आरोपी को नोटिस पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक नशा कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
