शिमला, 12 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने एक आदतन नशा तस्कर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। राज्य सरकार के डिटेंशन आदेश के आधार पर पुलिस ने पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को तीन महीने के लिए जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 11 मार्च को पुलिस थाना रामपुर की टीम ने की। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान सतपाल (38) पुत्र भद्रू राम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव कैशल, डाकघर लगौटी, तहसील आनी, जिला कुल्लू का रहने वाला है और वर्तमान में नीरथ, तहसील रामपुर जिला शिमला में रह रहा था।
पुलिस का कहना है कि सतपाल लंबे समय से नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इसी वजह से उसके खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है, जिसके तहत उसे तीन महीने के लिए जेल भेजा गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सतपाल को पहले भी तीन अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। पहला मामला फरवरी 2023 में थाना रामपुर में दर्ज हुआ था, जिसमें उसके पास से करीब 6.50 ग्राम हेरोइन यानी चिट्टा बरामद किया गया था। इसके बाद जुलाई 2024 में थाना ननखरी क्षेत्र में उसके खिलाफ दूसरा मामला दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस ने उसके पास से लगभग 8 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। तीसरा मामला जुलाई 2025 में फिर से थाना रामपुर में दर्ज हुआ था, जिसमें उससे करीब 2 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि आरोपी की बार-बार नशा तस्करी में संलिप्तता को देखते हुए उसके खिलाफ यह कड़ी कार्रवाई की गई है। उनका कहना है कि इस तरह की निरोधात्मक कार्रवाई का उद्देश्य नशे की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना और ऐसे लोगों को दोबारा अपराध करने से रोकना है।
उन्होंने बताया कि पिछले 43 दिनों के दौरान शिमला जिला में ऐसे 30 आदतन और संगठित चिट्टा तस्करों के खिलाफ डिटेंशन आदेश के तहत कार्रवाई की जा चुकी है और उन्हें तीन-तीन महीने के लिए जेल भेजा गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
