शिमला, 07 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक व्यक्ति को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 8.86 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम बालूगंज थाना पुलिस की टीम लोअर टूटू क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.86 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी की पहचान हितेन्द्र सिंह उर्फ रिंकू (42) पुत्र अनंत राम, निवासी गांव क्यार, डाकघर सुजैला, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में की है। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में थाना बालूगंज में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह नशा कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
