शिमला, 03 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। राजधानी शिमला में मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा और हल्की धूप भी खिली हुई थी, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। इसी दौरान हल्की बर्फबारी भी होने लगी। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान और मॉल रोड पर सैलानियों ने इस बर्फबारी का खूब आनंद लिया।

शिमला से सटे प्रमुख पर्यटन स्थल कुफरी और नारकंडा में भी बर्फबारी दर्ज की गई। हालांकि बर्फबारी का यह दौर कुछ समय तक ही चला। फरवरी महीने में यह पहला हल्का हिमपात है, जबकि जनवरी माह में दो बार बर्फबारी हो चुकी है। 23 जनवरी को इस सर्दी का पहला भारी हिमपात हुआ था।

राज्य के ऊंचे इलाकों में बीती रात से बर्फबारी का सिलसिला जारी है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू जिले की ऊंची चोटियों पर अच्छी बर्फ गिरी है। वहीं शिमला और मनाली सहित मध्य और निचले पहाड़ी क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे और मौसम खराब बना रहा।
तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस और ताबो माइनस 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला का न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री, मनाली का 1.4 डिग्री, धर्मशाला का 4.8 डिग्री, सोलन का 5.0 डिग्री और पालमपुर का 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से नीचे या उसके आसपास दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों में जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी हुई है। कल्पा में 10.5 सेंटीमीटर, केलांग में 7.5 सेंटीमीटर, सांगला में 6.5 सेंटीमीटर, कुकुमसेरी में 5.8 सेंटीमीटर और हंसा में 2.5 सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश हुई है। मनाली में 22 मिलीमीटर, सराहन में 10.5 मिलीमीटर, कसोल में 4 मिलीमीटर, सियोबाग और सुजानपुर टीहरा में 2-2 मिलीमीटर, भुंतर और मंडी में 1.4 मिलीमीटर तथा कांगड़ा में 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम के असर से कई इलाकों में दृश्यता भी प्रभावित हुई। बिलासपुर में मंगलवार सुबह अत्यंत घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता घटकर करीब 30 मीटर तक पहुंच गई। ऊना में भी हल्का कोहरा रहा। भुंतर क्षेत्र में गरज के साथ बारिश हुई, जबकि सियोबाग में करीब 39 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के झोंके दर्ज किए गए।
मौसम विभाग ने आज पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 4 और 5 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। 6 फरवरी को ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 7 फरवरी को पूरे राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है। 8 फरवरी को केवल ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रह सकता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। 9 फरवरी को पूरे हिमाचल प्रदेश में फिर से बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
