शिमला, 27 फ़रवरी (हि.स.)। शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में गुरुवार की शाम एक सामान्य सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। बालीधार क्षेत्र में शान्दल के पास एक बोलेरो कैम्पर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक बोलेरो में कुल पांच लोग सवार थे। वाहन बालीधार इलाके से गुजर रहा था कि अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक रामपुर क्षेत्र के स्थानीय गांवों के निवासी बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की। खाई में गिरे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना शाम के समय हुई। उन्होंने कहा कि शवों को खाई से निकालने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, लेकिन तकनीकी और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
