शिमला, 26 मार्च (हि.स.)। शिमला ज़िला के सुन्नी क्षेत्र में होली की रात हुए एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की हत्या करने के बाद उसका शव खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया था और इसके बाद फरार हो गया था। अब इस सनसनीखेज मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने अभियुक्त की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए गुरुवार को बताया कि अभियुक्त को अब रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस थाना सुन्नी में दर्ज प्राथमिकी के तहत पुलिस टीम ने फरार आरोपी बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी अरुण कुमार (31 वर्ष) को बिहार के मुजफ्फरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम बनाई गई थी, जिसने तकनीकी जांच और लगातार प्रयास के बाद उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
इस मामले की शुरुआत 15 मार्च को हुई थी, जब बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गांव सिंगारफुलकां निवासी 60 वर्षीय चतुरी राम ने अपने 25 वर्षीय बेटे राम प्रवेश राम की गुमशुदगी की शिकायत थाना सुन्नी में दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उनका बेटा अपने दो-तीन साथियों के साथ बसंतपुर क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर आरसीसी के मकान बनाने का काम करता था। 3 और 4 मार्च की रात से वह अचानक लापता हो गया था और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि राम प्रवेश राम अपने साथियों के साथ बसंतपुर में दौलत राम के मकान निर्माण कार्य में लगे थे और उन्होंने 25 जनवरी से नोख राम की बिल्डिंग में किराए का कमरा लिया हुआ था। मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी जांच में सामने आया कि होली की रात 3-4 मार्च को उनके बीच आपसी झगड़ा हुआ था।
पुलिस को शक हुआ कि इसी झगड़े के बाद आरोपी अरुण कुमार और उसके साथियों ने मिलकर राम प्रवेश राम का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। आगे की जांच में यह आशंका सच साबित हुई। पुलिस ने 23 मार्च को उसी क्षेत्र से खेत में गड्ढा खोदकर दबाया गया शव बरामद किया, जिसकी पहचान राम प्रवेश राम के रूप में कर ली गई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी और विशेष टीम बनाकर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इसी कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी अरुण कुमार को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में हत्या की धारा भी जोड़ी है। पुलिस अब मामले में अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश कर रही है और हत्या की पूरी साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
