शिवपुरी, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में पोहरी निवासी दंपती और उनकी सात वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पोहरी कस्बे के निवासी रिजवान अंसारी अपनी पत्नी कमरजहां अंसारी और 7 वर्षीय बेटी रिजा अंसारी के साथ श्योपुर में एक रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने जा रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर रिछाई मोड़ के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और तुरंत पोहरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण तीनों को शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार हादसे में घायल बच्ची रिजा अंसारी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
