मुंबई, 04 मार्च (हि.स.)। पुणे जिला न्यायालय परिसर में दो महिला वकीलों के बीच मारपीट के मामले में बूधवार काे शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। इस घटना में घायल महिला वकील अस्पताल में भर्ती है।

शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गिरीश दिघावकर ने बुधवार को बताया कि शिकायत करने वाली महिला वकील पिछले डेढ़ साल से मोटर व्हीकल न्यायालय में प्रैक्टिस कर रही है। उनका पहले से ही इस बात पर झगड़ा चल रहा था कि उसे आरोपित वकील से ज़्यादा केस मिल रहे थे। इसी दुश्मनी के कारण 24 फरवरी की सुबह कोर्ट में दोनों वकीलों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद दोपहर को जब आरोपित वकील ने मौका देखकर कोर्ट परिसर में ही शिकायतकर्ता वकील को गाली देते हुए पीटना शुरु कर दिया। इसी दौरान आरोपित महिला वकील ने शिकायतकर्ता वकील के सिर पर वार कर दिया, जिससे शिकायतकर्ता वकील बेहोश हो गई थी और उसे नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। महिला वकील को मंगलवार को होश आया और उसने आज मामला दर्ज करवाया है। इस मामले की गहन छानबीन की जा रही है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
