रांची, 09 फ़रवरी (हि.स.)। नामकुम आरा गेट स्थित ओम साई नर्सिंग होम की ओर से सोमवार को एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने भाग लिया, जहां अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की निःशुल्क जांच की और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया।

मौके पर अस्पताल के निदेशक डॉ सुरेश राव ने बताया कि ओम साई नर्सिंग होम की स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। उन्होंने कहा कि कम समय में ही ओम साई नर्सिंग होम नामकुम क्षेत्र के बेहतर अस्पतालों में अपनी पहचान बना चुका है, जहां आसपास के लोगों को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल रही है।
डॉ राव ने बताया कि अस्पताल में मरीजों के लिए सभी जरूरी बेसिक मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की ओर से बेहतर उपचार प्रदान किया जाता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
