
धमतरी, 11 मार्च (हि.स.)। शीतलाष्टमी के पावन अवसर पर शहर के दानीटोला वार्ड स्थित श्री शीतला माता मंदिर में बुधवार को भक्ति और आस्था का विशेष वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर मां शीतला का विधि-विधान से सहस्त्रधारा जलाभिषेक किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और भक्तों ने माता को जल अर्पित कर सुख-समृद्धि व आरोग्य की कामना की।

मंदिर समिति के अनुसार सुबह छह बजे से सहस्त्रधारा जलाभिषेक की शुरुआत हुई, जो शाम छह बजे तक लगातार चलता रहा। इस दौरान श्रद्धालु बारी-बारी से गर्भगृह में प्रवेश कर माता शीतला को जल अर्पित करते रहे। पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक माहौल बना रहा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। जलाभिषेक के बाद मां शीतला का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात हवन-पूजन और महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता की आराधना की। कार्यक्रम के दौरान भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर में दिनभर भंडारा का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर परिवार की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोगों से रक्षा करने वाली देवी हैं मां शीतला:
मान्यता है कि भगवती शीतला माता स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोगों से रक्षा करने वाली देवी हैं। भक्तों का विश्वास है कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति के साथ माता को जल अर्पित करने से रोगों से मुक्ति मिलती है तथा घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। इसी आस्था के साथ हर वर्ष शीतलाष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। इस वर्ष भी शीतलाष्टमी के अवसर पर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री शीतला माता मंदिर पहुंचे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
