मीरजापुर, 12 मार्च (हि.स.)। शीतला अष्टमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में बुधवार की रात भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मां शीतला का भव्य श्रृंगार किया गया और श्रद्धापूर्वक 56 भोग अर्पित किए गए। इसके बाद आयोजित शीतला महोत्सव में कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

महोत्सव में वाराणसी से आई दूरदर्शन और आकाशवाणी की लोक गायिका रंजना राय ने सबसे पहले बड़ी शीतला माता का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद जगमगाती रोशनी से सजे मंच पर पहुंचते ही उन्होंने मां का जयकारा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
गायिका रंजना राय ने देवी गीत और पचरा जैसे “निमिया की डार मईया झूलेली झूलनवा हो”, “खोलूं ना मोरी शीतला मईया झांझरी केवड़िया हो सेवकवा लोग ना” और “जगदम्बे भवानी आई मोरे अंगना” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। उनकी सुरीली आवाज पर श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में कलाकार रविंद्र सिंह ज्योति, गीतांजलि मौर्या और काजल सहित अन्य कलाकारों ने भी एक से बढ़कर एक भजन और लोकगीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। देर रात तक चले इस भक्ति संगीत कार्यक्रम में हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
वहीं शीतला अष्टमी के अवसर पर शीतला धाम में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ भंडारा पूरी रात और अगले दिन सुबह तक चलता रहा। दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां का आशीर्वाद लिया। पूरे धाम में भक्ति, श्रद्धा और उत्सव का अनोखा माहौल देखने को मिला।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
