उरई, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के कालपी में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर स्थित बुंदेलखंड गार्डन के बगल में बनी एक कागज फैक्ट्री में बुधवार को अचानक आग लग गई। आग से पूरी फैक्ट्री जलकर राख हो गई।

उप जिलाधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि इश्तियाक और प्रशांत की फैक्ट्री में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट से चिंगारी गिरने के बाद अंदर रखे कागज ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। गनीमत रही कि किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि फैक्ट्री में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। उप जिलाधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि फिलहाल नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।—————–

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
