मीरजापुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के लहंगपुर पुलिस चौकी अंतर्गत वाराणसी-रीवा हाईवे पर नदनी गांव के पास बुधवार सुबह एक ट्रक में अचानक आग लग गई। वायर शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग देखते ही देखते विकराल हो गई और ट्रक धू-धू कर जलने लगा। चालक समय रहते नीचे उतर गया, जिससे उसकी जान बच गई।

प्रतापगढ़ जनपद के जेठवारा थाना क्षेत्र के कुटूलिया गांव निवासी चालक लुकमान पश्चिम बंगाल से महाराष्ट्र की ओर ट्रक में सामान लेकर जा रहा था। सुबह करीब 5 बजे नदनी गांव के पास उसे ट्रक से धुआं निकलता दिखा। गेट खोलते ही आग भड़क उठी और ट्रक पूरी तरह लपटों में घिर गया। घटना की सूचना मिलते ही लहंगपुर पुलिस चौकी प्रभारी सुजीत सेठ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
