जौनपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित जेसीज चौराहा के पास एक शोरूम में माेबाइल चाेरी की घटना हुई थी।सीसीटीवी कैमरे में दाे पुलिस कर्मचारी फाेन चाेरी करते हुए देखे गये। इस सीसीटीवी फुटेज को संज्ञान में लेने के बाद एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने मंगलवार काे आराेपित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

एसपी सिटी ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाले शिवम की जेसीज चौराहा के पास शिवम इंटरप्राइजेज के नाम से मोबाइल दुकान है। उनकी दुकान से बीती शनिवार को एक मोबाइल फाेन चोरी हो गया था। दुकानदार ने जब सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो उसमें दो पुलिस कर्मी फोन को चुराते हुए साफ दिखे। दुकानदार को चोरी का पता चला तो उसने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को वायरल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और रविवार को ही बरामद मोबाइल पीड़ित दुकानदार को सौंप दिया।

सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दो सिपाही शोरूम में करीब 20 मिनट तक मोबाइल देखते रहे फिर चालाकी से एक महंगा मोबाइल फोन चुरा लिया। आरोपित सिपाहियों की पहचान धनंजय बिन्द और मिथिलेश यादव के रूप में हुई है। दुकानदार शिवम के मुताबिक, दोनों सिपाही अपने साथ एक पुराना आईफोन 13 प्रो लेकर आए थे और उसे दुकान में रखकर वहां से आईफोन 15 मैक्स चुरा ले गए। चोरी किए गए मोबाइल की कीमत लगभग एक लाख 62 हजार रुपये है। दुकानदार ने बताया कि आरोपित सिपाहियों में से एक पहले उसकी दुकान के ऊपर संचालित डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ाई के लिए आता-जाता था, जिससे उसे दुकान की पूरी जानकारी थी। फिलहाल पुलिस विभाग मामले की गहन जांच में जुटा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
