धमतरी, 01 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले के ग्राम पंचायत श्यामतराई में गौठान, चारागाह और मुक्तिधाम के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर प्रस्तावित लघु वनोपज प्रसंस्करण केंद्र के निर्माण का ग्रामीणों ने विरोध तेज कर दिया है। बुधवार को ग्राम विकास समिति श्यामतराई के अध्यक्ष टीकाराम साहू, सचिव रोशन साहू, उपाध्यक्ष पुखराज साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि, खसरा क्रमांक 825/1 रकबा 8.83 हेक्टेयर भूमि में से 3.618 हेक्टेयर क्षेत्र में औद्योगिक प्रयोजन के लिए लघु वनोपज प्रसंस्करण केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई गई है। जबकि इसी भूमि पर शासन की योजनाओं के तहत गौठान पहले से निर्मित है और शेष हिस्से में चारागाह, मुक्तिधाम, शासकीय मणिकंचन केंद्र, शासकीय शौचालय सहित हाई स्कूल के लिए भूमि आरक्षित है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शासकीय उपयोग के लिए उपलब्ध जमीन लगातार कम होती जा रही है। पहले ही कृषि उपज मंडी के लिए लगभग 30 एकड़ और पंडित दीनदयाल उपाध्याय कॉलोनी के लिए करीब 15 एकड़ भूमि आवंटित की जा चुकी है। ऐसे में बची हुई जमीन पर भी औद्योगिक निर्माण शुरू होने से गांव के मूलभूत ढांचे और परंपरागत व्यवस्था पर असर पड़ेगा।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि, पूर्व में इस मामले को लेकर विरोध किया गया था, जिसके बाद तत्कालीन कलेक्टर नम्रता गांधी, एसडीएम और औद्योगिक विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में स्थल पर सहमति बनी थी। उस समय गौठान क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए तारबंदी भी कराई गई थी। इसके बावजूद दोबारा निर्माण कार्य शुरू किया जाना ग्रामीणों में आक्रोश का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर निरीक्षण कर गौठान, चारागाह और मुक्तिधाम के लिए आरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार के औद्योगिक निर्माण को तत्काल रोका जाए।
जइस अवसर पर में सरपंच डोमेश्वरी खेमलाल साहू, उपसरपंच धनंजय साहू, सचिव राजेन्द्र चंद्रवंशी, साधना साहू, नीलकंठ साहू, भानबाई साहू, गजानंद साहू, गजेन्द्र साहू, बसंत सोरी, सीमा मंडावी, भगवंतीन साहू, तीरथ साहू, ईश्वरी साहू, ईश्वरी ध्रुव, महेश साहू, अमृता मेश्राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
