जम्मू, 08 फ़रवरी (हि.स.)। र्श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने आज अपनी बैठक में माता के मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र को भारत के अग्रणी और सबसे जीवंत आध्यात्मिक स्थल में बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं जिससे विश्व स्तर पर ख्याति प्राप्त होगी। बैठक की अध्यक्षता उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की जो श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं।

श्राइन बोर्ड ने तीन प्रमुख पहलों को मंजूरी दी है, माँ शक्ति की आध्यात्मिक विरासत को समर्पित एक अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय, वैश्विक तीर्थ स्थलों की तर्ज पर एक ध्वनि-प्रकाश शो और माता वैष्णो देवी मंदिर पर एक वृत्तचित्र।
एक अन्य महत्वपूर्ण पहल में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया है, जिसकी भर्ती प्रक्रिया शीघ्र ही शुरू होने वाली है।
एसएमवीडीएसबी ने आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को मुफ्त नीट तैयारी कराने वाले कोचिंग केंद्रों की स्थापना को भी हरी झंडी दे दी है।
एसएमवीडीएसबी ने राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण के निर्देशों के अनुरूप, माता वैष्णो देवी मार्ग पर सेवा प्रदाताओं, जैसे कि टट्टू चालकों आदि के लिए पुनर्वास योजना के निर्माण और चरणबद्ध कार्यान्वयन को मंजूरी दी है।
एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ाने, तीर्थयात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने की रणनीतियों का आकलन करने और बोर्ड को सिफारिशें प्रस्तुत करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं और युवा स्थानीय उद्यमियों से खरीद को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया है।
बोर्ड ने निर्णय लिया है कि श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड माता की भेंट स्थानीय स्तर पर ही जुटाएगा और धनराशि को सीधे सामुदायिक विकास में लगाएगा।
चूंकि माता का निवास कटरा शहर को वैश्विक मानचित्र पर स्थान देता है, इसलिए बोर्ड ने शहर के कायापलट में प्रत्यक्ष योगदान देने का निर्णय लिया है।
उपराज्यपाल ने कहा, “बोर्ड का संकल्प है कि कटरा को स्वच्छ, जीवंत और आधुनिक बुनियादी ढांचे से सुसज्जित बनाया जाए, ताकि निवासियों और लाखों तीर्थयात्रियों को सुविधा मिल सके।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने जम्मू क्षेत्र में खेल विकास का नेतृत्व करने का निर्णय लिया है – भविष्य के चैंपियनों को तैयार करना, युवाओं के स्वास्थ्य की रक्षा करना और जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश को इसकी आध्यात्मिक प्रतिष्ठा के साथ-साथ एक राष्ट्रीय खेल शक्ति केंद्र में बदलना।
बोर्ड ने पुजारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण पर भी जोर दिया।
बोर्ड ने पिछली बैठक के बाद से की गई कार्रवाइयों की समीक्षा और पुष्टि की और बोर्ड के कामकाज को मजबूत करने और तीर्थयात्री सेवाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से 25 महत्वपूर्ण एजेंडा मदों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए बोर्ड ने प्रति तीर्थयात्री बीमा कवर को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की मंजूरी दी। इसके अलावा एशियन हेरिटेज फाउंडेशन के परामर्श से नताली, कटरा में माता वैष्णो देवी जी को समर्पित एक अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय के निर्माण की प्रारंभिक अवधारणा को भी अनुमोदित किया गया। प्रस्तावित शक्ति संग्रहालय अपनी तरह का पहला संग्रहालय होगा और एक धार्मिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में कार्य करेगा। साथ ही, अत्याधुनिक प्रकाश और ध्वनि शो परंपरा और नवाचार के मिश्रण के माध्यम से पौराणिक कथाओं को जीवंत कर देंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह
