हुगली, 07 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने श्रीरामपुर और जगतबल्लभपुर विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ विस्तृत चार्जशीट जारी की है। श्रीरामपुर के एक होटल के कम्यूनिटी हॉल में शनिवार अपराह्न एक संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बैरिस्टर कबीर शंकर बोस ने यह चार्जशीट सार्वजनिक की। कार्यक्रम में श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा के मीडिया इंचार्ज जसवंत सिंह सहित पार्टी के नेता मौजूद थे।

चार्जशीट में आरोप लगाया गया है कि इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सत्तारूढ़ पार्टी के जनप्रतिनिधि होने के बावजूद बुनियादी विकास नहीं हुआ है। सड़क, नाली, जलनिकासी और यातायात व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। बरसात के समय कई इलाकों में पानी जमा होने से आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाता है।

भाजपा का दावा है कि 2021 से पहले शुरू की गई कई सड़क और पुल परियोजनाएं आज तक पूरी नहीं हुईं। गंगा नदी किनारे क्षरण और कटाव से घरों और रास्तों को खतरा बना हुआ है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया।
चार्जशीट में गंभीर आरोप लगाया गया है कि जगतबल्लभपुर क्षेत्र में घर निर्माण और अन्य विकास कार्यों के लिए लाभार्थियों से लगभग 30 प्रतिशत “कटमनी” मांगी जाती है। पार्टी का दावा है कि कटमनी न देने पर योजनाओं का लाभ रोक दिया जाता है।
श्रीरामपुर औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद कई जूट मिल और फैक्ट्रियां बंद पड़ी हैं। चार्जशीट के अनुसार, इससे हजारों श्रमिकों का रोजगार छिन गया है और बड़ी संख्या में लोगों को काम की तलाश में बाहर पलायन करना पड़ रहा है।
चार्जशीट में दावा किया गया है कि कई स्कूलों में वर्षों से नियमित शिक्षक नहीं हैं और कुछ सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर व नर्सों की भारी कमी है। इससे छात्रों की पढ़ाई और मरीजों के इलाज पर सीधा असर पड़ रहा है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि चोरी, तस्करी और असामाजिक गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा। चार्जशीट में एसएससी भर्ती घोटाले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि योग्य उम्मीदवारों को नौकरी से वंचित किया गया।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह चार्जशीट केवल राजनीतिक आरोप नहीं, बल्कि आंकड़ों और जमीनी तथ्यों पर आधारित जनता की शिकायतों का दस्तावेज है। पार्टी ने ऐलान किया है कि इन मुद्दों को लेकर जन आंदोलन तेज किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
