हुगली, 07 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस की ओर से आधिकारिक उम्मीदवारों की घोषणा से पहले शनिवार को हुगली जिले के श्रीरामपुर में एक पोस्टर को लेकर राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है।

श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन के सब-वे सहित कई जगहों पर ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें लिखा है— “सभी साजिशों का अंत, श्रीरामपुर में फिर से तृणमूल उम्मीदवार डॉ. सुदीप्तो राय।” पोस्टर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, सांसद अभिषेक बनर्जी और श्रीरामपुर के वर्तमान विधायक डॉ. सुदीप्तो राय की तस्वीरें भी लगी हैं।
इन पोस्टरों के सामने आने के बाद क्षेत्र की राजनीति में अटकलों का दौर तेज हो गया है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस के हुगली-श्रीरामपुर सांगठनिक जिलाध्यक्ष अरिंदम गुइन ने दावा किया है कि ये पोस्टर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से लगाए गए हैं।
वहीं, श्रीरामपुर के तृणमूल पार्षद सुदीप्तो राय के करीबी गौर मोहन दे कहा कि पार्टी के कुछ उत्साही कार्यकर्ताओं ने ही ये पोस्टर लगाए हैं।
इधर भाजपा के राज्य समिति सदस्य भास्कर भट्टाचार्य ने इस मुद्दे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि तृणमूल के पास तो केवल एक ही उम्मीदवार है, बाकी सब महत्वहीन हैं।
इस पूरे विवाद पर विधायक डॉ. सुदीप्तो राय ने फिलहाल कोई टिप्पणी करने से परहेज किया है। अभी तक चुनाव की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और न ही सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। ऐसे में किस सीट से कौन उम्मीदवार होगा, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें जारी हैं।
उल्लेखनीय है कि श्रीरामपुर विधानसभा सीट से सुदीप्तो राय तीन बार विधायक रह चुके हैं। हालांकि हाल के कुछ विवादों और पार्टी के भीतर मतभेदों के कारण उनके टिकट को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
