कानपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। श्री साईं सेवा संस्थान के तत्वावधान में श्री शनि साईं मंदिर, गांधी नगर गणेश पार्क में आयोजित 26वें वार्षिकोत्सव का मंगलवार को भव्य और श्रद्धामय वातावरण में समापन हुआ। वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला के तहत शनि भगवान का विधिवत पूजन कर केक काटा गया, जिसके साथ उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

बीते सात दिनों से चल रहे रुद्र महायज्ञ का आचार्य एवं यज्ञाचार्य कृपा शंकर शुक्ला द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं पूर्णाहुति कराई गई। पूर्णाहुति के पश्चात कन्या पूजन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से भाग लिया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए प्रसाद घर ले जाने की भी अलग से व्यवस्था की गई थी।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि वार्षिकोत्सव की शुरुआत तीन फरवरी को श्री शनि साईं मंदिर प्रांगण से भव्य कलश यात्रा के साथ हुई थी। इसके साथ ही साईं बाबा की पालकी यात्रा एवं श्री खाटू श्याम बाबा की निशान यात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंतर्गत आठ फरवरी को सामूहिक यज्ञोपवित संस्कार का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 80 बटुकों को विधि-विधान से यज्ञोपवित की दीक्षा दी गई। साथ ही प्रसिद्ध कथावाचक पंडित दीपक कृष्ण महाराज द्वारा आयोजित भागवत सप्ताह में श्रद्धालुओं ने प्रतिदिन कथा का रसपान किया।
कार्यक्रम सयोंजक महेंद्र नाथ शुक्ल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और सेवाभावियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
