रांची, 25 जनवरी (हि.स.)। डोरंडा स्थित श्वेतांबर जैन मंदिर का 50 वां वार्षिक उत्सव रविवार को श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6 बजे शांति पाठ और स्नात्र पूजा के साथ किया गया। सुबह 10 बजे गाजे-बाजे के साथ रामपुरिया निवास से ध्वज यात्रा निकाली गई, जो मंदिर परिसर पहुंची। ध्वज आगमन के बाद मंदिर में 17 श्रेणी पूजा का पाठ हुआ, जिसे अजीमगंज (कोलकाता) से आए मोहित बोथरा ने संपन्न कराया।
पूजा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में नाचते-गाते शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद रामपुरिया परिवार की ओर से स्वामीवात्सल्य (प्रसाद) की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर भाजपा नेता रोहित शारदा ने जैन समाज को 50वीं वर्षगांठ की बधाई देते हुए समाज की धार्मिक निष्ठा और संस्कारों की सराहना की। कार्यक्रम में जैन समाज के अध्यक्ष संपत लाल रामपुरिया, चंपा लाल, राजकुमार, नवीन कुमार, शांतिलाल रामपुरिया, रिखब चंद, धर्मचंद, पूनम चंद, राजेश भंसाली, कोषाध्यक्ष श्रीरामचंद्र अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
