–आनंद शुक्ला-मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए खेली जाएगी लीग

प्रयागराज, 08 फरवरी (हि.स)। इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आनंद शुक्ला-मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए संगम प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता 11 से 28 फरवरी तक केपी इंटर कॉलेज मैदान प्रयागराज में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में छह टीमें भाग लेंगी। सभी मुकाबले 40-40 ओवर के खेले जायेंगे।

इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक एवं लीग समिति के अध्यक्ष डॉ. सुरेश द्विवेदी ने रविवार सायं पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि प्रतियोगिता में जस्टिस एसएन द्विवेदी इलेवन, मुख्य न्यायाधीश एसके वर्मा इलेवन, मुख्य न्यायाधीश अमिताव बनर्जी इलेवन, मुख्य न्यायाधीश एचएन सेठ इलेवन, जस्टिस यशोदा नंदन इलेवन, जस्टिस एएन वर्मा इलेवन की टीम भाग लेगी। उद्घाटन मुकाबला जस्टिस एसएन द्विवेदी इलेवन एवं जस्टिस यशोदा नंदन इलेवन के मध्य 11 फरवरी को प्रातः 9 बजे केपी इंटर कॉलेज पर खेला जायेगा।
उन्होंने बताया कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। विजेता टीम को 75,000 और उपविजेता टीम को 45,000 रूपये की पुरस्कार राशि दी जायेगी। प्रत्येक मैन ऑफ द मैच को 2,000 रूपये मिलेंगे।
इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक आरपी भटनागर ने बताया कि प्रतियोगिता के ट्रायल 25 एवं 26 जनवरी को अनुराग श्रीवास्तव की अध्यक्षता में केपी इंटर कॉलेज मैदान पर कराये गए थे। इसमें कुल 114 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी खेलेंगे तथा 3 खिलाड़ी स्टैंडबाय के रूप में रखे जाएंगे। इस दौरान डॉ. उमर हसन, डॉ. जूली ओझा, नारायणजी गोपाल, अनुराग श्रीवास्तव, एलबी काला, बलराम सिंह, सोमेश्वर पांडेय, शिशिर मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र
