पौड़ी गढ़वाल, 07 मार्च (हि.स.)। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन, उत्तराखंड जनपद पौड़ी के बैनर तले संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया से भेंट कर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मुख्यालय पौड़ी में कार्मिकों के लिए संघ भवन निर्माण हेतु भूमि चयन के संबंध में चर्चा की गई।

संगठन के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी पौड़ी से भूमि उपलब्ध कराने को लेकर सहमति प्राप्त हो चुकी है और उनकी ओर से जिलाधिकारी की सहमति के बाद भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात कही गई थी।
जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस विषय में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से आख्या प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए भूमि आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इस अवसर पर संजय नेगी, रेवती नंदन डंगवाल, दीपक गोडीयाल, दीपक नेगी, कुलदीप राणा, अंकित भट्ट, संदीप भट्ट और मनोज घिल्डियाल सहित अन्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह
