नई दिल्ली, 22 जनवरी (हि.स.)। संजीव खिरवार ने गुरुवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के निगमायुक्त के रूप में कार्यभार संभाला। वे 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। वह एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर से हैं। उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक कार्यों का व्यापक अनुभव है।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर खिरवार ने अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि इनमें शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, दिल्ली नगर निगम को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत सुधार तथा सुगम और बेहतर नागरिक सेवाएं प्रदान करना शामिल है। उन्होंने नागरिक सेवाओं के तेज और अधिक जवाबदेह वितरण के लिए पारदर्शिता और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग पर विशेष जोर दिया।
संजीव खिरवार काे प्रशासनिक करियर लंबा अनुभव है। उन्होंने पर्यावरण, राजस्व और दिल्ली प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। खिरवार कंप्यूटर साइंस में बीटेक की शैक्षणिक पृष्ठभूमि के अधिकारी हैं।
उनका जोर एमसीडी में तकनीक-आधारित शासन और डिजिटल परिवर्तन को और गति देने पर होगा, जिससे सेवा वितरण में सुधार और नागरिक प्रशासन की समग्र गुणवत्ता में वृद्धि होगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी
