ससुर ने बेटे की चाह में गर्भवती पत्नी व दाे बेटियाें काे मारने का केस दर्ज कराया

हैदराबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। तेलंगाना राज्य के हनमकोंडा जिले में एक गर्भवती महिला और उसकी दो बेटियों के शव स्विमिंग पूल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने घटना में साजिश की आशंका जताते हुए पति की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं और मामले की विस्तृत जांच की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार देर रात हनमकोंडा जिले (पूर्ववर्ती वरंगल ग्रामीण) के ऐनावोलु मंडल के पुन्नेला गांव के बाहरी इलाके स्थित एक रियल एस्टेट वेंचर धरनी लेआउट के स्विमिंग पूल में एक गर्भवती महिला और उसकी दो बेटियां संदिग्ध परिस्थितियों में डूबे मिले थे। मृतकों की पहचान फरहत (26), उसकी बेटी उमैरा (8) और आयशा (6) के रूप में हुई है। महिला का पति अजहरुद्दीन तीनाें काे लेकर वारंगल के एमजीएम अस्पताल ले गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। अजहरुद्दीन ने दावा किया कि तीनाें स्विमिंग पूल में गिरकर डूब गए।
मृतक महिला फरहत के पिता शेख अली ने अपने दामाद अजहरुद्दीन पर अपनी बेटी और उसकी दाे बेटियों की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अजहरुद्दीन इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रहा है।
गुरुवार को एमजीएम अस्पताल में मीडिया से बात करते हुए फरहत की मौसी मुमताज ने भी अजहरुद्दीन की भूमिका पर संदेह जताया। उन्होंने बताया कि अजहरुद्दीन सीमेंट की ईंट बनाने का काम करता है, जबकि उसके पिता रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं।
मुमताज के अनुसार, जिस स्विमिंग पूल में यह घटना हुई, वह अजहरुद्दीन के परिवार का ही है। उन्होंने बताया कि अजहरुद्दीन बुधवार रात अपनी पत्नी और बच्चों को वहां समय बिताने के लिए ले गया था और बाद में उनके शव अस्पताल लेकर पहुंचा। मुमताज ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी फरहत को दो बार गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया गया था, क्योंकि उसका पति लड़की नहीं चाहता था। इस बार भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, क्योंकि अजहरुद्दीन एक बार फिर लिंग परीक्षण कराने के बाद गर्भपात के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन फरहत और उसके मायके वाले तैयार नहीं थे।
पुलिस ने मृतका के पिता शेख अली की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसआई पस्तम श्रीनिवास ने बताया कि घटना को लेकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों परिवार एक ही पुन्नेला गांव के रहने वाले हैं। इसलिए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj
