जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 का निरीक्षण किया। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त सुरेश ओला भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अग्रवाल ने विभाग से संबंधित शिकायतों पर परिवादियों से सीधे बातचीत कर उनका फीडबैक लिया।
उन्होंने बीकानेर के रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट से जुड़ी शिकायत के मामले में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा भी की। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विभाग की नई योजनाओं को संपर्क पोर्टल के विषयों में शामिल किया जाए और पुराने तथा अन्य विभागों से जुड़े विषयों को हटाया जाए, ताकि शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया और प्रभावी हो सके।
बैठक में बताया गया कि एक जनवरी 2024 से छह मार्च 2026 तक संपर्क पोर्टल पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से संबंधित कुल 13 हजार 541 शिकायतें हुईं। इनमें से 12 हजार 828 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है, जो कुल मामलों का लगभग 95 प्रतिशत है। इन प्रकरणों के समाधान में औसतन 19 दिन का समय लगा और करीब 62 प्रतिशत परिवादियों ने समाधान पर संतुष्टि व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 4 मार्च से 28 अप्रैल तक सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन पर उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
