पूर्वी सिंहभूम, 09 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के उद्देश्य से सोमवार को संपूर्णता अभियान 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस तीन माह के गहन अभियान का उद्घाटन उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला सुनील चंद्रा और सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल के साथ संयुक्त रूप से किया।

नीति आयोग के निर्देश पर संचालित इस अभियान के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, महिला स्वास्थ्य और पशु स्वास्थ्य से जुड़े निर्धारित सूचकांकों में पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि अभियान को मिशन मोड में लागू किया जाएगा, ताकि विकास से जुड़े अंतर को पाटते हुए आम लोगों तक प्रमुख सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता सभी विभागों के समन्वय और जनभागीदारी पर निर्भर करती है।
वहीं कार्यक्रम में वडीडीसी नागेंद्र पासवान ने कहा कि जिला प्रशासन 14 अप्रैल तक आकांक्षी प्रखंडों के लिए निर्धारित छह प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अभियान के अंतर्गत आईसीडीएस के माध्यम से बच्चों को नियमित पूरक पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की ऊंचाई और वजन का डिजिटल मापन, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था, विद्यालयों में छात्राओं के लिए कार्यशील शौचालय और पशुओं में खुरपका-मुंहपका रोग के खिलाफ शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल ने प्रोजेक्ट उल्लास की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत मिर्गी रोगियों की पहचान, उपचार और नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि 22 से 26 फरवरी तक विशेष शिविरों का आयोजन कर रोगियों को समुचित इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट उल्लास के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सक, सामुदायिक चिकित्सा पदाधिकारियों और सहियाओं को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जेएसएलपीएस की दीदियां, स्वास्थ्य सहिया, आंगनवाड़ी सहायिकाएं सहित अन्य उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
