संभल, 24 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद संभल की गुनौर कोतवाली की बैरक में सिपाही ने आत्महत्या कर लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच में जुट गई। गुन्नौर सीओ आलोक सिद्धू ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।

मूलरूप से शाहजहांपुर का रहने वाला आशीष वर्मा 2023 में यूपी पुलिस में भर्ती हुआ था। उसकी तैनाती गुन्नौर कोतवाली में थी। आज उसका शव कोतवाली की बैरक में मिला। सिपाही के कान में ईयरबड और गले में रस्सी थी, जो खिड़की से बंधी थी। घुटने मुड़े थे। लाश जमीन पर बैठे हुई अवस्था में थी। पास में मोबाइल और चार्जर पड़ा था। रिश्तेदार क्रांति कुमार ने कहा कि मेरा भाई आत्महत्या नहीं कर सकता। जबकि पुलिस का कहना है कि सिपाही ने आत्महत्या की है।
इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक ने बताया कि सिपाही आशीष वर्मा ने रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या की है। उसका मोबाइल और अन्य सामान पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ———–
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar
