कानपुर, 06 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय तमाम मुदृदों को लेकर विचार परिवार की शुक्रवार को कानपुर में एक अहम बैठक हुई। बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहें। करीब ढाई घंटे चली बैठक में आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई और इस दौरान मीडिया की एंट्री नहीं रही।

नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में आयोजित विचार परिवार की बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कानपुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर उतरा, जहां भाजपा जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय स्थित शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्पाजंलि कर नमन किया। यहां से वह सीधे दीनदयाल विद्यालय पहुंचे जहां प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल आदि के साथ विचार परिवार के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय तमाम विषयों पर मंथन हुआ।
बैठक में आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक रणनीति, जनसंपर्क अभियान और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किदवई नगर स्थित भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी के आवास पहुंचे और हाल ही में दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करने वाले विधायक के पुत्र व पुत्रवधू को आशीर्वाद दिया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बैठक स्थल से सीधा एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गये।
हिन्दुस्थान समाचार
