मथुरा, 17 अप्रैल(हि.स.)। संस्कृति विश्वविद्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जागरूकता और समर्थन के लिए अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन सभी कार्यक्रमों की नोडल अधिकारी डा. मीनाक्षी शर्मा का कहना है कि कार्यक्रमों में छात्राओं की विशेष रुचि होने के कारण उनकी भागीदारी भी बड़ी संख्या में देखने को मिल रही है। इसी क्रम में मिस्ड कॉल देकर और दीवार पर संदेश लिखकर और हस्ताक्षर कर नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन किया गया।

डा. मीनात्री शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि नारी शक्ति वंदन के समर्थन एवं जागरूकता के लिए चलाए गए मिस्ड कॉल अभियान में सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और निर्धारित नंबर पर मिस्ड कॉल देकर अधिनियम के प्रति अपना समर्थन दर्ज कराया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डा. सचिन गुप्ता ने इस अवसर पर छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें ऐसे सामाजिक अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डा. आरएन त्रिवेदी एवं डा.रतीश शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार
