मुरादाबाद, 09 फ़रवरी (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र में सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक से 1 लाख 27 हजार रुपये की ठगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। ढाई महीने तक काम कराने के बाद कम्पनी की ओर से युवक को वापस भारत भेज दिया गया, जबकि आरोपित ने रुपये लौटाने से इंकार करते हुए उसे धमकी भी दी।

ठाकुरद्वारा सर्किल के क्षेत्राधिकारी आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में आरोपित युवक के खिलाफ साेमवार काे मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

नगर के मोहल्ला वार्ड-19 निवासी जहीर आलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब पांच माह पहले रतूपुरा निवासी इरफान नामक व्यक्ति उनके सम्पर्क में आया था। उसने स्वयं को विदेश भेजने का काम करने वाला बताते हुए सऊदी अरब में अच्छे वेतन पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपित ने कारपेंटर के पद पर सऊदी भेजने की बात कही और इसके एवज में कुल खर्च 1.27 लाख रुपये बताया। पीड़ित के अनुसार उसने आरोपित के खाते में 1.05 लाख रुपये जमा कराए, जबकि शेष 22 हजार रुपये नकद दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
