हुगली, 26 जनवरी (हि. स.)। जिले के पोलबा थाना अंतर्गत राजहाट मोड़ इलाके में रविवार देर रात एक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक बैंडेल की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान रोहित सिंह (23) और राजा प्रसाद (27) के रूप में हुई है। रोहित सिंह गरिफा का निवासी था। वह जुपिटर कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। वहीं राजा प्रसाद रिषड़ा का निवासी था और वह भी जुपिटर कंपनी में कार्यरत था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजहाट मोड़ से आगे बढ़ते समय बाइक अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद कर चुचुड़ा इमामबाड़ा अस्पताल भेजा गया।
शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
