धनबाद, 02 मार्च (हि.स.)। धनबाद के तोपचांची थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघदाहा दास टोला में पीसीसी सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद सोमवार को झड़प में बदल गया। घटना श्मशान घाट जाने वाले रास्ते की है, जहां विधायक फंड से सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।

आरोप है कि सुनील दास कहीं जा रहे थे, तभी बस्ती के ही अशोक दास, देवाशीष दास, धनकेश्वर दास समेत कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड और चाकू से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शोरगुल सुनकर जब परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया। इस झड़प में गांव के मुखिया हरिचरण दास को चेहरे पर रॉड और चाकू से वार किया गया, जिससे वे बुरी तरह जख्मी हो गए। उनके पुत्र अनुज कुमार दास के गले में चाकू से वार किया गया। इसके अलावा दो महिलाओं समेत कुल छह लोग घायल हुए हैं।

सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मुखिया की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर किए जाने की तैयारी चल रही है।
तोपचांची थाना प्रभारी अजय भारती ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर विवाद हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
