मुंबई, 02 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में उनके ड्राइवर ने नया खुलासा किया है। उसने कहा है कि अजित पवार सड़क मार्ग से बारामती जाने वाले थे. लेकिन मंगलवार की रात हुई बैठकों की देरी के कारण उन्होंने अतिंम समय में अपनी योजना बदल कर विमान से जाने का फैसला किया।

अजित पवार के निजी ड्राइवर श्यामराव मणवे का कहना है कि पिछले मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक समाप्त होने के बाद अजित दादा ने हम लोगों के साथ मिल कर तय किया था कि हम सभी सड़क मार्ग से पुणे और फिर बारामती जाएंगे। बुधवार सुबह 10 बजे बारामती में सभाएं तय थीं। हम लोगों ने गाड़ियों में बैग भी रख दिए थे। यह लगभग पूरी तरह तय था कि हम गाड़ी से ही जाएंगे। हालांकि मीटिंग की वजह से रात में बहुत देरी हो गई थी। इसलिए आखिरी समय पर फैसला बदला गया कि अजित दादा सुबह सीधे विमान से बारामती जाएंगे। अजित दादा ने मुझसे कहा कि तुम कल गाड़ी लेकर पुणे आ जाना। मैं बारामती से पुणे आऊंगा। लेकिन बुधवार 28 जनवरी की सुबह उनका विमान बारामती एयरपोर्ट पर हादसे का शिकार हो गया।
मणवे के अनुसार वे साल 2009 से अजित पवार के साथ काम कर रहे हैं। पहले वह सरकारी सेवा में थे और साल 2013 में सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले 12 वर्षो से अजित पवार के पास निजी तौर पर काम कर रहा थे। अजित दादा समय के बहुत पक्के थे और साफ-सफाई का बहुत ध्यान देते थे। अगर वे कहते थे कि सुबह 6 बजे तैयार रहना, तो हम सब 5:30 बजे ही तैयार हो जाते थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
