सिलीगुड़ी, 22 फरवरी (हि.स)। ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में घायल पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई है। मृत कांस्टेबल का नाम अमित उरांव था। घटना शनिवार देर शाम दार्जिलिंग मोड़ इलाके में हुई थी, जब एक आर्मी ट्रक ने ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल अमित उरांव को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कांस्टेबल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें माटीगाड़ा स्थित एक गैर-सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही महकमा पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद दुर्घटना में शामिल आर्मी वाहन को जब्त कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा लापरवाही के कारण हुआ या किसी अन्य वजह से हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

