बीकानेर, 31 जनवरी (हि.स.)। कोतवाली थाना क्षेत्र में 27 जनवरी को हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को दोबारा प्रोडक्शन वारंट पर लेकर रिमांड पर लिया जाएगा, जहां उससे उसके आपराधिक रिकॉर्ड और लूटे गए गहनों की बरामदगी को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी।

सीओ सिटी अनुज डाल,कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल ने पत्रकाराें काे बताया कि इस संबंध में सिपाणी चौक, मावा पट्टी निवासी 72 वर्षीय सुरेश कुमार बाठिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि 27 जनवरी की शाम करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच सिपाणी मोहल्ला निवासी पुष्पा देवी बाठिया घर के फर्श पर अर्धमूर्छित अवस्था में पड़ी मिलीं। मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़िता ने बताया कि एक अज्ञात युवक घर में घुस आया और उसने उनका गला दबाया, मुंह व नाक पर मुक्के मारे तथा घुटनों से दबाकर ऊपर बैठ गया। इसके बाद आरोपित उनके हाथों के कड़े और गले का हार छीनकर मौके से फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सिटी अनुज डाल के निर्देशन में कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल के नेतृत्व में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम की लगातार मेहनत के बाद आरोपित हमालों का मोहल्ला हाल पीएन पैलेस गोपेश्वर बस्ती गंगाशहर निवासी 44 वर्षीय मोहम्मद आरिफ पुत्र हाजी अब्दुल रहमान को चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
