

जौनपुर,15 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी की ओर से बहुजन नायक कांशीराम की 92वीं जयंती जिले के होटल रिवर व्यू में रविवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पीडीए समाज के लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। समारोह में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मान्यवर कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने कांशीराम की तस्वीरें लेकर कार्यक्रम में भागीदारी की।
मुख्य वक्ता के रूप में मछलीशहर की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने दलितों, शोषितों और पिछड़े वर्ग के लोगों में राजनीतिक चेतना जगाई और उन्हें ‘हुक्मरान’ बनने का सपना दिखाया। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज को अपने अधिकार तभी मिलेंगे जब वह सत्ता में होगा। इसके लिए सभी को एकजुट होकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में आगे बढ़ना होगा।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि कांशीराम की जयंती केवल श्रद्धांजलि का दिन नहीं, बल्कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने दलित, शोषित, वंचित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समाज से शिक्षित, संगठित और जागरूक होने का आह्वान करते हुए कहा कि एकजुट होकर ही पीडीए सरकार का सपना साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ‘ललई’, विधायक लकी यादव, विधायक पंकज पटेल, पूर्व मंत्री श्रीराम यादव, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक राजनारायण बिंद, पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव और दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री संगीता यादव सहित हजारों की संख्या में सपा कार्यकर्ता और पीडीए समाज के लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
