जगदलपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिले के थाना काेतवाली क्षेत्र अंर्तगत अनुपमा चौक में सब्जी बेच रही ग्रामीण महिला का पैसों से भरा थैला चोरी करने वाले आरोपित को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे ट्रैक कर आज बुधवार काे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गिरी नायक (22) निवासी पनारापारा, जगदलपुर के रूप में हुई है। वह पहले भी लूट और चोरी के मामलों में शामिल रहा है। पूछताछ में आरोपित ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके पास से चोरी की बची हुई राशि 1,750 रुपये जब्त की गई।

मिली जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 11:40 बजे अनुपमा चौक के पास सब्जी बेच रही बसंती बघेल अपनी मां के साथ व्यस्त थी। इसी दौरान एक युवक चेहरे पर नकाब लगाकर आया और पास में रखा पैसों का थैला उठाकर फरार हो गया। शिकायत मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीव्ही कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने संदेही की पहचान कर आरोपित गिरी नायक (22) निवासी पनारापारा काे गिरफ्तार कर कार्रवाई उपरांत आज न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम में अरुण मरकाम, विनायक ठाकुर, विनोद चांदने, क्षमा साहू, सोनू गौतम, युवराज ठाकुर, महंगू कश्यप और रंग लाल खरे का याेगदान रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
