मालदा, 28 फरवरी (हि.स)। जिले में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए है। समसी ग्रामीण अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर पर ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में होने और डेढ़ साल की बच्ची को गलत दवा देने का आरोप लगा है। घटना के बाद शुक्रवार देर रात अस्पताल परिसर में भारी हंगामा हो गया।जानकारी के अनुसार, समसी के कांडारण इलाके के निवासी कानू कर्मकार की डेढ़ वर्षीय बेटी को अचानक तेज सांस लेने में दिक्कत होने लगी। परिजन उसे तुरंत

समसी ग्रामीण अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लेकर पहुंचे। परिवार का आरोप है कि उस समय ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर नशे की हालत में थे और बिना ठीक से जांच किए बच्ची को दवा दे दी।

दवा देने के कुछ ही देर बाद बच्ची की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। डॉक्टर के नशे में होने की बात फैलते ही स्थानीय लोग भी अस्पताल पहुंच गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कर हालात काबू में किए। बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत चांचल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
रतुआ-1 ब्लॉक के बीएमओएच डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि मामला बेहद संवेदनशील है और उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है। परिजनों ने आरोपित डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
