सिलीगुड़ी, 08 फरवरी (हि. स.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस अंतर्गत एनजेपी थाने की पुलिस ने सरकारी बस से चोरी हुआ बैग बरामद कर उसके मालिक को लौटा दिया है।

दरअसल, जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी की रहने वाली मनीषा टोप्पो अपनी एक सहेली के साथ रविवार को सिलीगुड़ी घूमने आई थी। वह सरकारी बस से सफर कर रही थी तभी तीनबत्ती मोड़ इलाके में किसी ने किसी ने बैग उतार लिया। इस घटना से घबराई मनीषा तुरंत एनजेपी थाने पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई और पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही एनजेपी थाने की पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस ने तीनबत्ती मोड़ इलाके के सीसीटीवी कैमरों की मदद से संबंधित सरकारी बस को चिन्हित किया।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दिया कि तीनबत्ती मोड़ के पास एक व्यक्ति मनीषा टोप्पो का बैग उतारते हुए नजर आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपित की पहचान की और उसे हिरासत में लिया। आरोपित से पूछताछ के बाद उसके बयान के आधार पर चोरी हुआ बैग बरामद कर लिया गया। बैग वापस पाकर मनीषा के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
मनीषा टोप्पो ने एनजेपी थाने की पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तेजी और ईमानदारी से पुलिस ने काम किया है, उससे आम लोगों का भरोसा पुलिस पर और मजबूत होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
