रांची, 11 मार्च (हि.स.)। रांची के महिलौंग स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में बुधवार को तीन दिवसीय नेशनल रैपिड एंड ब्लिट्ज चेस चैंपियनशिप 2025–26 का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रांची की निर्वाचित मेयर रोशनी खलखो ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज जैसे बौद्धिक खेल युवाओं में एकाग्रता, रणनीतिक सोच और धैर्य विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय आयोजन झारखंड की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन तथा सरला बिरला पब्लिक स्कूल की प्राचार्या मनीषा शर्मा ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
रांची शतरंज संघ के महासचिव नवजोत अलंग ने कहा कि चार राउंड के बाद तमिलनाडु के के. मुरली, पश्चिम बंगाल के मित्राभा गुहा, दीपतायन घोष, डी. बालाचंद्र प्रसाद, श्रीराम झा, आरण्यक घोष, संकेत चक्रवर्ती और अर्जुन कल्याण चार-चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर हैं।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 450 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें झारखंड के करीब 150 प्रतिभागी शामिल हैं। छह लाख रुपये की इनामी राशि वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के पहले दिन बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम में झारखंड शतरंज संघ के पदाधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य भी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
